सुरेश पचौरी ने समर्थकों सहित ली भाजपा की सदस्यता, राजूखेड़ी भी आये
लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को लगा बड़ा झटका

विशेष प्रतिनिधि भोपाल। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पूर्व केन्द्रीय मंत्री और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रहे सुरेश पचौरी ने आज भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। उनके साथ कई उनके समर्थक कांग्रेसी भी थे। तीन पूर्व विधायक संजय शुक्ल व विकास पटेल इंदौर तथा सतपाल पलिया भी उनके साथ थे। धार से सांसद रहे गजेन्द्र राजूखेड़ी ने इसी समय भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। यह माना जा रहा है वे धार से भाजपा प्रत्याशी होंगे। राजूखेड़ी पहले भाजपा में ही थे। इस घटनाक्रम ने कांग्रेस की प्रदेश में कमर ही तोड़ दी है। लोकसभा चुनाव से पहले यह बड़ा राजनीतिक उलटफेर है। भाजपा के नेताओं का कहना है कि अभी किसी बड़े धमाके की प्रतीक्षा और करना चाहिए। देश भर में मोदी के समर्थन में खड़े होने वाले की कतार लगी हुई है।
शनिवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में कांग्रेस के कई नेताओं ने सदस्यता ग्रहण की। इनमें भोपाल के पूर्व जिला अध्यक्ष कैलाश मिश्रा, योगेश शर्मा, अतुल शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष सुभाष यादव, दिनेश ढिमोले, सुभाष यादव एवं जसपाल अरोरा भी शामिल रहे। भाजपा ज्वाइन करने वाले नेताओं ने कहा भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकास कार्यो से प्रभावित होकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम का संचालन डॉ नरोत्तम मिश्रा ने किया।
जहां राहुल जाते हैं वहीं यही होता है : सीएम डॉ. यादव
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राहुल गांधी जहां भी अपनी यात्रा लेकर गये वहीं पर बिखराव हुआ है। मध्यप्रदेश में पहले की बजाए बाद में हो गया।
कांग्रेस सिद्धान्तों से भटक गई
सुरेश पचौरी ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस का नारा था न जात पर न पात पर… लेकिन अब जातिवादी राजनीति की जा रही है। मैंने मंदिर का ताला खुलवाने राजीव के साथ भूमिका निभाई थी आज मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा का निमंत्रण ठुकराया जा रहा है। यह अपमान कौन सहेगा। आज पूरा देश मोदी के साथ खड़ा है कोई तो बात होगी। यही सब समझकर मैं भाजपा में आया हूं। मैं रामभक्त था अब भाजपा के लिए देश सेवा करूंगा।
मोदी के नेतृत्व में आने पर स्वागत: वीडी शर्मा
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने इस अवसर पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वाले नेताओं का स्वागत किया तथा कहा कि जो मोदी के नेतृत्व में देश की सेवा करना चाहता है उसका स्वागत है। आज पार्टी में वरिष्ठ नेता शामिल हुए हैं उनसे ताकत मिलेगी।
राजनीति में बेदाग हैं पचौरी : शिवराज सिंह
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पचौरी को बेदाग छवि वाला नेता बताया। उन्होंने कहा कि वे हमारे सीिनयर रहे हैं। अब साथ पार्टी में रहेंगे अच्छा सहयोग रहेगा। शिवराज ने राजखेड़ी सहित अन्य नेताओं को व्यक्तिगत संबोधन करके उत्साह बढ़ाने का काम किया। पचौरी को सभी नेताओं अभी तक का सबसे अधिक सम्मान दिया।
शुक्ला बोले- परिवार में लौट आया
भाजपा में शामिल होने के बाद पूर्व कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला ने एक बयान जारी किया है। उन्होंने कहा है कि वे अपने परिवार में लौट आए हैं। भाजपा मेरा परिवार है। शुक्ला ने कहा कि मुझे उस वक्त बहुत बुरा लगा, जब राम मंदिर का आमंत्रण कांग्रेस ने ठुकराया था। अब मैं भाजपा में रहकर जनता की सेवा करूंगा।